सदरपुर। इलाके के भुडकुड़ा गांव निवासी महिला की प्रसव के 15 दिन बाद बुधवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायका पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।
भुड़कुड़ा निवासी खुशी (22) का 15 दिन पहले ही प्रसव हुआ था। प्रसव के बाद से वह काफी कमजोर हो गई थी। इसके साथ ही वह बीमार रह रही थी, बुधवार को खुशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खुशी ने गांव के ही युवक के साथ प्रेम विवाह किया था। उसके सौतेले पिता सुनील अपनी पत्नी व बच्चों के साथ पंजाब में कमाई करने गए थे।
सूचना पाते ही वह लौट आए। बृहस्पतिवार को सुनील परिजनों संग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।