रेउसा (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में बीते बुधवार देर रात आग की चपेट में आकर जली विवाहिता की राजधानी लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गयी। मृतका के मायका पक्ष की तरफ से बिटिया को दहेज के लिए जलाकर मार डालने का आरोप लगाते हुए पांच के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर केस दर्ज किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
रेउसा इलाके के अकसोहा मजरा सेवनपुरवा निवासी आरती (30) बीते बुधवार को देर रात आग की चपेट में आ जाने से गंभीर घायल हो गयी थी। आग पर काबू पाने के बाद विवाहिता को रेउसा सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने पीड़िता को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर मृतका के परिजन बस्ती से मौके पर पहुंचे। मायका पक्ष के लोगों ने बताया कि आरती की शादी पांच साल पहले हुई थी। आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ससुरालीजन दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर ही ससुरालीजनों ने पेट्रोल डालकर विवाहिता को जिंदा जला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना को लेकर मृतका के मायका पक्ष ने पांच लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। एसओ महेश चंद पांडेय ने बताया मामला संज्ञान में है। शुरूआती जांच के आधार पर केस दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।