सीतापुर। महमूदाबाद नगर क्षेत्र में 23 से 26 मार्च तक महमूदाबाद महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। बृहस्पतिवार को आयोजन समिति ने इसकी घोषणा की।
समाजसेवी लेखा गुप्ता ने बताया कि चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में गैर जनपद से भी कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। महोत्सव में बच्चों के लिए झूले, शॉपिंग काउंटर संग कई आकर्षक स्टॉल सजाए जाएंगे। इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बताया कि 23 मार्च को सुबह 10 बजे से महोत्सव शुरू होगा।
बताया कि मुख्य अतिथि एमएलसी पवन सिंह चौहान इसका शुभारंभ करेंगे। इसी दिन कानपुर के मशहूर जादूगर व एक टैलेंट शो का प्रदर्शन किया जाएगा। 24 मार्च को राॅग फ्यूजन बैंड का प्रदर्शन होगा। इस दिन जादूगर का शो भी आयोजित होगा। 25 मार्च को कठपुतली का एक शो और 26 मार्च को सम्मान समारोह का आयोजन होगा। कार्यक्रम में घोड़ा, ऊंट सवारी, लाइव आर्ट व गेम जोन आकर्षण का केंद्र रहेंगे।