तंबौर/सीतापुर। क्षेत्र के एक कोटेदार के विरुद्ध ग्रामीणों ने कालाबाजारी की शिकायत की थी। इसकी जांच होने पर कोटेदार दोषी पाया गया था। डीएम की अनुमति के बाद पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार के विरुद्ध संबंधित धारा में मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने कोटेदार को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की।
ग्राम इस्माइल गंज निवासी दिनेश, मायाराम, जसवंत चौहान, रामगोपाल आदि ने गांव के ही उचित दर विक्रेता के खिलाफ शिकायत की थी। इसकी जांच पूर्ति निरीक्षक लहरपुर सुयश कृष्ण एवं विपणन निरीक्षक करुणेश कुमार सिंह द्वारा बीते एक जनवरी को की गई थी। जांच में कोटेदार नहीं मिला था। दुकान भी बंद थी।
जांच अधिकारियों ने उनके पुत्र खुशीराम के सामने दुकान का ताला तोड़कर निरीक्षण किया। राशन की कालाबाजारी मिली। स्टॉक रजिस्टर में ई-पास मशीन के अनुरूप प्रविष्टियां नहीं मिली। जिसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजकर आदेश मिलने पर थाना तंबौर में उचित दर विक्रेता के विरुद्ध पूर्ति निरीक्षक ने मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने उचित दर विक्रेता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।