महोली कोतवाली में ईओ के खिलाफ प्रदर्शन करते पूर्व विधायक अनूप गुप्ता व उनके समर्थक। (संवाद)
- फोटो : SITAPUR
महोली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में नगर पंचायत प्रशासन ने स्टेशन रोड पर कॉलेज व स्थाई सब्जी विक्रेताओं की शिकायत पर शनिवार को सब्जी मंडी में जेसीबी से अवैध अतिक्रमण हटावाया। सूचना पाकर विधायक शशांक त्रिवेदी सब्जी मंडी पहुंचे और दुकानदारों को सब्जी की दुकान लगाने के जगह दिलाने का आश्वासन दिया। शाम को पूर्व विधायक के साथ सब्जी दुकानदारों ने कोतवाली का घेराव कर हंगामा किया, ईओ के खिलाफ तहरीर दी।
स्टेशन रोड के एक तरफ नगर पंचायत ने कई वर्षों पूर्व टिनशेड बनवा कर सब्जी विक्रेताओं को दुकानें आवंटित कर रखी हैं। रोड के दूसरी तरफ पटरी दुकानदारों ने अवैध तरीके से कब्जा कर टिनशेड़ डालना शुरू कर दिया था। जिससे कालेज व स्टेशन जाने वाला मार्ग आए दिन प्रभावित रहता था। शनिवार को नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार दल बल के साथ सब्जीमंडी स्थित दुकानदारों के अवैध अतिक्रमण को जेसीबी से हटवा रहे थे।
इसी दौरान विधायक शशांक त्रिवेदी ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को समझाते हुए बिना निर्माण किए सब्जी की दुकानें लगाने के लिए कहा। उन्होंने अधिषाशी अधिकारी दिनेश कुमार से शीघ्र ही इन दुकानदारों को अन्य जगह सब्जी की दुकान लगाने के लिए जगह आवंटित किए जाने का आदेश दिया। अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि स्टेशन रोड पर सब्जी मंडी की दुकानें नगर पंचायत ने बनवाई थी, जिसमें लोग अपना व्यापार कर रहे हैं।
कुछ सब्जी विक्रेताओं ने रोड के दूसरी तरफ अतिक्रमण कर टिनशेड डाल दिए थे, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था। पूर्व में इन्हें अतिक्रमण हटाए जाने को लेकर नोटिस भी जारी की जा चुकी है, फिर भी यह लोग नहीं माने। उन्होंने बताया कि चार लोगों के अवैध अतिक्रमण हटाए गए हैं, बाकी लोगों ने एक दो दिन में खुद हटाए जाने के लिए समय लिया है।
शनिवार की शाम को सपा के पूर्व विधायक अनूप गुप्ता ने सब्जी मंडी के सौ विक्रेताओं के साथ कोतवाली का घेराव किया। हंगामे, अफरा-तफरी के बीच पूर्व विधायक के निर्देश पर सब्जी विकेताओं ने हस्ताक्षर युक्त तहरीर ईओ के खिलाफ दी है। कोतवाल संजय पांडेय ने डीएम को पूरे मामले से अवगत कराने की बात कही है। पूर्व विधायक अनूप गुप्ता ने कहा कि सब्जी वालों की आवाज दबाई गई तो हम अदालत का दरवाजा खटखटायेंगे।