सीतापुर। युवाओं को तकनीकी ज्ञान हासिल करने में मदद के उद्देश्य से शुक्रवार को कई कॉलेजों में टैबलेट/स्मार्टफोन का वितरण किया गया। इसे पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
कुतुबनगर संवाद के अनुसार महोली विधायक शशांक त्रिवेदी ने विद्या निकेतन फार्मेसी कॉलेज हुसेनपुर में डीफार्मा के अंतिम वर्ष के 52 छात्रों को टैबलेट वितरित किए। इस अवसर पर कॉलेज मैनेजर दीपिका, प्राचार्य विनय मिश्रा, संगीता, शैलेश मौर्य, मनीष व लवकुश वर्मा आदि उपस्थित रहे। विधायक ने आयुष कुमार, अक्षय सिंह, आमिर खान, वसीम, रीता देवी आदि छात्रों को टैबलेट वितरित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का उद्देश्य है कि प्रदेश के छात्र नई तकनीक के साथ चलें जिसके लिये हम सब प्रयास कर रहे हैं। युवा टैबलेट के जरिए अपना ज्ञान बढ़ाएं।
खैराबाद संवाद के अनुसार राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु की उपस्थिति में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सीतापुर, पिसावां व गोंदलामऊ के एक वर्षीय व्यवसाय व दो वर्षीय व्यवसाय के द्वितीय वर्ष के 919 प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम में कार्यवाहक प्रधानाचार्य विजय कुमार गुप्ता, कार्यदेशक अवधेश कुमार व कार्यदेशक श्रीराम आदि मौजूद रहे।
राजकीय पालीटेक्निक एलिया में विधायक शशांक त्रिवेदी ने 116 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। यांत्रिक अभियंत्रण, टेक्सटाइल, टेक्नालॉजी व कारपेट टेक्नोलॉजी अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को लाभ दिया गया। विधायक ने बताया वह खुद ही सिविल इंजीनियरिंग डिग्रीधारक हैं। संस्था में आप सभी के बीच आकर बहुत ही अच्छा लग रहा है।
उन्होंने कहा कि सीतापुर क्षेत्र में इंडस्ट्रियल हब खोलने की मंजूरी प्रदेश सरकार से प्राप्त हो गई है। इससे मेकेनिकल प्रोडक्शन के छात्रों को रोजगार के लिए अच्छा अवसर मिलेगा। इस मौके पर प्रधानाचार्य हरिओम वर्मा, विनोद कुमार मिश्रा व अंकिता श्रेष्ठ आदि मौजूद रहीं।