परसदा गांव की महिला प्रधान अपने पति व भतीजे के साथ राखी बांधने मायके लखीमपुर खीरी जा रही थी। तीनों एक की बाइक पर सवार थे। जब ये लोग रामकोट थाना क्षेत्र के नवीन चौक के पास पहुंचे तभी पीछे से तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में ठोकर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर घिसटी चली गई।
हादसे में प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई। पति व देवर घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत भाग निकला।
मछरेहटा के परसदा गांव निवासी प्रधान मालती देवी (38) पति भोले व भतीजे मदन के साथ गुरुवार को बाइक से मायके लखीमपुर खीरी जिले के जगना गांव जा रही थी। जब ये लोग बाइक से रामकोट थाना क्षेत्र में नवीन चौक के करीब पहुंचे, तभी लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में तेज ठोकर मार दी।
हादसे में प्रधान सहित तीनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद वहां भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी पहुंच गई। लोग घायलों को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि तभी प्रधान मालती देवी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतका के पति व भतीजे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।