आंख अस्पताल रोड पर एक्सिस बैंक शाखा में गुरुवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से एयर कंडीशनर (एसी) में आग लग गई। भड़की आग ने ब्रांच मैनेजर का केबिन सहित हजारों का सामान जलाकर राख कर दिया। गार्ड ने फौरन पुलिस व दमकल को सूचना दी। दमकल ने पहुंच कर आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि बैंक के मुख्य हिस्से तक आग नहीं पहुंच सकी, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। एसपी कार्यालय के पास आंख अस्पताल मार्ग पर स्थित एक्सिस बैंक में काम करने वाले सिक्योरिटी गार्ड बृजकिशोर सिंह ने बताया कि गुरुवार को बैंक के एसी को बनाने के लिए लखनऊ से कंपनी के लोग आए थे।
उनके कहने पर बैंक में चेंज ओवर किया गया। इसके बाद ब्रांच मैनेजर के कार्यालय में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगते ही धुआं पूरे बैंक में भर गया। वह फौरन बैंक के बाहर पहुंचा और उसने पुलिस व दमकल टीम को सूचना दी। सूचना के कुछ देर बाद दमकल टीम व पुलिस मौके पर पहुंची।
दमकल टीम ने शीघ्र ही आग पर काबू पा लिया, जिससे बैंक के मुख्य हिस्से तक आग नहीं पहुंची। पर बैंक का फर्नीचर जल गया। कमरे की छत भी धुंए से काली हो गई। जानकारी पर ब्रांच मैनेजर ने भी पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।