लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से जख्मी हुए पूर्व प्रधान के भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बीते गुरुवार की रात इलाके के गांव किशनपुर में भागवत कथा का आयोजन हुआ था। इसी बीच आरोप है कि गांव के ही अमित कुमार ने अवैध असलहे से फायरिंग कर दी। गोली पूर्व प्रधान अमरीश मिश्रा के चचरे भाई राजनारायण (35) की पीठ में जा लगी।
गोली चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायल को जिला अस्पताल लाया गया था, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया था। शनिवार की सुबह इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
इंस्पेक्टर मनीष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी अमित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।