झरेखापुर( सीतापुर)। कोतवाली देहात इलाके में शनिवार सुबह तेज रफ्तार से आ रहे टैंकर ने पराग दूध लेकर जा रही पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर पलट गई। घटना में एक होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच लोग घायल हो गए। घायलों में चार होमगार्ड और चालक भी है। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, घायलों का इलाज जारी है।
जिला मुख्यालय से दूध लेकर लखीमपुर की तरफ एक पिकअप शनिवार सुबह जा रही थी। उसमें जिला मुख्यालय से ड्यूटी कर घर जा रहे पांच होमगार्ड भी सवार थे। कोतवाली देहात इलाके के सिहानी पारा में रहने वाले सुधीर कुमार ने गांव के पास उतरने के लिए पिकअप रुकवा दी। इतने में ही पीछे से आ रहे टैंकर ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी तरफ जाकर पलट गई। टैंकर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में घुस गया।
हादसे में हरगांव इलाके के बेहड़पातू निवासी होमगार्ड ओमेन्द्र प्रताप सिंह (44) की मौके पर मौत हो गई। इसके अलावा पिसावां के बरगांव निवासी चालक सूफियान, हरगांव के हैदरपुर निवासी बलवीर सिंह, ददवारा निवासी संतोष कुमार, सकलनपुर निवासी वीरेंद्र कुमार, सिहानी पारा निवासी सुधीर कुमार घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को पिकअप से निकाल कर इलाज के लिए भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने ओमेंद्र को मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर कोतवाली देहात मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।