फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

20 लाख लोगों का गोल्डेन कार्ड नहीं बना

विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाले गोल्डेन कार्ड से जिले के 20 लाख लाभार्थी कोसों दूर हैं। तीन साल बाद भी इनके गोल्डेन कार्ड नहीं बन सके हैं जबकि बिना गोल्डेन कार्ड के किसी भी लाभार्थी को इलाज नहीं मिल सकता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कई बार शिविर लगाकर लोगों के गोल्डेन कार्ड बनवाने की कवायद भी हुई फिर भी बड़ी संख्या में लाभार्थी इस कार्ड से वंचित हैं।
विज्ञापन

जिले में 2018 से आयुष्मान योजना संचालित है। इस योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को पांच लाख तक का निशुल्क इलाज करवाने की प्रतिवर्ष छूट मिलती है। जिले में इस योजना के तहत करीब 25 लाख लोग पंजीकृत हैं। ये लोग अपनी सामान्य सहित गंभीर बीमारियों का इलाज आसानी से निशुल्क करवा सकते हैं। यह लाभ तभी मिलेगा जब आपके पास गोल्डेन कार्ड होगा।
अभी तक जिले में 5.12 लाख लोगों के गोल्डेन कार्ड बन चुके हैं। ऐसे में करीब 20 लाख लाभार्थी बिना गोल्डेन कार्ड के ही घूम रहे हैं जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के प्रत्येक सीएचसी व जिला अस्पताल में रोजाना गोल्डेन कार्ड बनवाए जा रहे हैं। इसके बावजूद लाभार्थी गोल्डेन कार्ड बनवाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
विज्ञापन

कई बार शहर से लेकर गांव व कस्बों में शिविर भी आयोजित किए गए। लाभार्थियों से यहां आकर गोल्डेन कार्ड बनवाने की अपील भी की गई फिर भी लोग शिविरों तक नहीं पहुंचे। इसी वजह से जिले में गोल्डेन कार्ड बनाने की प्रगति बहुत खराब है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि योजना के तहत पंजीकृत लाभार्थियों से अपील की जा रही है लेकिन वे ध्यान नहीं दे रहे हैं। जब उनको अपना इलाज कराने की जरूरत महसूस होती है, तभी वे सीएचसी पहुंचकर अपना कार्ड बनवाते हैं। अगर उनको जरूरत नहीं पड़ती है तो वे इसे बनवाने में बिल्कुल भी ध्यान नहीं देते हैं। इसी वजह से कार्ड बनवाने की प्रगति धीमी है।
आयुष्मान योजना के तहत जिले में 29 अस्पताल सूचीबद्ध है। इनमें जिले के 21 सरकारी अस्पताल, 19 सीएचसी, महिला व जिला अस्पताल शामिल हैं। इनमें आठ प्राइवेट अस्पताल भी शामिल हैं। इन जगहों पर लाभार्थी अपना गोल्डेन कार्ड दिखाकर निशुल्क इलाज करवा सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो जिले में अब तक इस योजना के तहत 19649 लोग लाभान्वित हो चुके हैं। इनमें से 13680 मरीजों ने जिले के अस्पतालों में इलाज करवाया है। अन्य मरीजों ने गैर जनपदों के अस्पतालों में योजना का लाभ हासिल किया है। इस योजना के तहत जिले के अस्पतालों में निशुल्क इलाज पर लोगों का अधिक भरोसा बना हुआ है।
सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि जिले में गोल्डेन कार्ड प्रत्येक सीएचसी व जिला अस्पताल में बनाए जा रहे हैं। जिन लोगों के पास ये कार्ड नहीं है, वे अस्पताल पहुंचकर निशुल्क कार्ड बनवा सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें