महोली/सीतापुर। महोली कोतवाली क्षेत्र के अल्हना गांव में एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के मूड़ाहूसा निवासी पुरुषोत्तम राठौर ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि उन्होंने अपनी बहन मनीषा की शादी हिंदू रीति रिवाज के साथ तीन वर्ष पूर्व कोतवाली क्षेत्र के ही अल्हना गांव निवासी मनोज कुमार के साथ की थी। शादी के बाद से ससुरालीजन चौपहिया वाहन की मांग कर रहे थे। जिसे पूरा न कर पाने की स्थिति में आए दिन बहन के साथ मारपीट कर तंग करते थे।
शनिवार देर शाम उनकी बहन मनीषा को पति मनोज कुमार, सास, ससुर, ननद व नंदोई ने मिलकर गला दबाकर हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। उसके बाद देर शाम फोन के जरिये बहन के फांसी लगाने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों को कमरे में मनीषा का शव फंदे से लटकता मिला। कमरे का दरवाजा खुला था। ससुरालीजन घर से नदारद थे।
अपराध निरीक्षक सुरेश यादव ने बताया कि विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला है। मृतका के भाई ने हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।