सीतापुर। जिले में क्राइम को कंट्रोल करने के फार्मूले पर आगे बढ़ते हुए एसपी आरपी सिंह की कार्रवाई का बड़ा असर देखने को मिला है। कप्तान के आदेश पर जिले के अलग-अलग थानों की पुलिस ने पिछले 24 घंटों के भीतर 35 अपराधियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई कर बड़ा संदेश दिया है। इस कार्रवाई के बाद गैंगेस्टरों की नींद उड़ गई है।
गोकशी और चोरी के 13 आरोपियों, चोरी, नकबजनी के 10, अवैध शराब की बिक्री, तस्करी के 5 और हत्या के सात अपराधियों पर ये कार्रवाई की गई है। गैंगेस्टर की कार्रवाई करने में शहर कोतवाली, सदरपुर, लहरपुर, रामपुर कलां, कमलापुर, थानगांव, सकरन, तंबौर पुलिस शामिल रही।
एसपी आरपी सिंह ने बताया कि जिन 35 अपराधियों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है, उसमें से 27 अपराधी अलग-अलग मामलों में जेल में बंद है। इस कार्रवाई के बाद ऐसे अपराधियों को लंबे समय तक जेल में रोका जा सकेगा, जिससे बाहर आकर वह फिर से अपराध न कर सकें।
पिछले माह 55 पर लगा था गैंगेस्टर
अगस्त माह की शुुरुआत के पहले दिन 35 अपराधियों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई करने वाली जिले की पुलिस ने पिछले माह जुलाई में 55 पर गैैंगेस्टर लगाया था। इसमें गोकशी, चोरी से संबंधित 13, चोरी, नकबजनी से संबंधित 15, अवैध शराब बिक्री से संबंधित 10, हत्या, हत्या का प्रयास से संबंधित 15, अवैध शस्त्र तस्करी में 2 अपराधी शामिल थे, इसमें से 46 अपराधी जेल में पहले से ही बंद हैं।
एक जनवरी के बाद दूूूसरी बार बड़ी कार्रवाई
नए साल यानी एक जनवरी 2021 को एक साथ 101 अपराधियों पर गैंगेस्टरों की बड़ी कार्रवाई कराने के बाद एसपी आरपी सिंह ने अब दूसरी बार फिर से 35 पर गैंगेस्टर लगाया है। इससे पहले एक दिन में इतनी बड़ी कार्रवाई जनवरी के बाद कभी नहीं हुई है। यही वजह है कि अपराधियों की नींद उड़ गई है। पुलिस की इस कार्रवाई में सबसे दिलचस्प पहलू तो यह है कि 101 अपराधियों पर गैंगेस्टर लगाने की कार्रवाई की तारीख भी एक जनवरी थी और अब एक अगस्त है, जब 35 पर गैंगेस्टर लगा है।