मछरेहटा (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शनिवार की रात दिल झकझोर देने वाली घटना सामने आई। घर में जन्मदिन मनाने की तैयारी चल रही थी। जन्मदिन का केक काटने से पहले ही पंखें में उतरे करंट की चपेट में आने से उसी युवक की मौत हो गई, जिसका जन्मदिन था। युवक की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना मछरेहटा इलाके के सड़िला गांव निवासी पुनीत (25) का शनिवार को जन्मदिन था। घर में जन्मदिन मनाने के लिए तैयारी चल रही थी। केक आ चुका था, बाकी तैयारियां भी पूरी थी। शाम होने पर घर में आसपास के लोग भी आ चुके थे, कुछ लोगों के आने का इंतजार हो रहा था। इसके बाद केक कटता, इस बीच रात करीब 9 बजे युवक ने घर में रखे पंखे को सही करने के लिए उसे छुआ, उसी दरम्यान करंट लग गया।
चीख-पुुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे करंट से छुड़ाया। उसे जिला अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है, पुलिय जांच में जुटी है। उधर, युवक की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिसने भी हादसे की खबर सुनी उसकी आंखें भर आईं। लोगों ने सपने में भी नहीं सोचा था कि जन्मदिन के दिन पुनीत इस दुनिया को अलविदा कहकर चला जाएगा।
पिता की 20 साल पहले ही हो चुकी है मौत
जन्मदिन के दिन जान गंवाने वाले युवक की मौत के बाद उसकी मां का हाल बेहाल है। रो-रोकर वह बदहवास हो चुकी है। करीब 20 साल पहले पति के दुनिया छोड़कर चले जाने का गम परेशान कर रहा था।
इस बीच बेटे की मौत से मां पूरी तरह से टूट गई है। पति की मौत के बाद इतने लंबे सालों बाद किसी तरह से महिला ने अपने बच्चों को पाल पोसकर बड़ा किया। पति की मौत के बाद महिला को अपने दो बेटों पर बड़ा नाज था। बार-बार दहाड़े मारकर रोते हुए महिला कह रही थी बेटे की खुशी थी। पुनीत दो भाई थे, पुनीत की मौत के बाद अब एक भाई बचा है।