बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में शनिवार की शाम घर के बाहर खेल रही चार साल की बच्ची रहस्यमय हालात में लापता हो गई है। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका है। कई थानों की पुलिस बच्ची की तलाश में जुटी है। पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिसवां के जलालपुर निवासी शाह चमन की 4 वर्षीय पुत्री शायरीन शनिवार शाम करीब 3 बजे अपने घर से खेलने के लिए निकली थी। इसके बाद वह रहस्यमय हालात में गायब हो गई। काफी देर तक वापस नहीं आने पर चिंतित परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। इसके बाद भी अब तक बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका है। एएसपी नार्थ डॉ. राजीव दीक्षित मौके पर पहुंचे। मातहतों को आवश्यक निर्देश देकर परिवार को आश्वासन दिया। रविवार को भी बच्ची का कोई पता नहीं चल सका है। बच्ची की तलाश में बिसवां समेत कई थानों की पुलिस लगी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि, सुबह से ही पुलिस ने सर्च आपरेशन शुरू कर दिया था। गांव से लेकर शारदा नहर के किनारे छानबीन की गई। मौके पर सीओ सुशील कुमार सिंह, इंस्पेक्टर बिसवां राजीव कुमार सिंह, सर्विलांस सेल के प्रभारी अजय रावत मौजूद थे।