कमलापुर (सीतापुर)। विद्युत उपकेंद्र जलालपुर में रविवार को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे दोनों ट्रॉली फुंक गईं। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इससे करीब 100 गांवों की बिजली गुल हो गई।
विद्युत उपकेंद्र जलालपुर की हालत बदतर होती जा रही है। केंद्र की सभी ट्रॉली जर्जर हो चुकी हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। कुछ दिनों पहले विद्युत केंद्र की केसरिया ट्रॉली में आग लग गई थी, जिससे एक ही ट्रॉली से दोनों तरफ की बिजली सप्लाई दी जा रही थी। रविवार को अधिक लोड होने से वह ट्रॉली भी दगा दे गई।
एसएसओ पंकज कुमार ने बताया सुबह सप्लाई चालू थी। अचानक ट्रिप होने लगी और आग लग गई। पहले सभी ने भागकर जान बचाई। उसके बाद बालू डालकर आग पर काबू पाया। उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। जल्द से जल्द सप्लाई चालू की जाएगी। बिजली न आने से यहां के ग्रामीणों को दिक्कतें आ रही हैं। अब तक लाइन चालू नहीं हो सकी है।
15 दिन से बिगड़ा शिड्यूल
अमरीश कुमार ने बताया कि 15 दिनों से गांव में सही ढंग से बिजली नहीं आई है। जिससे सभी विद्युत उपकरण शोपीस बने हुए हैं। प्रदीप कुमार रसूलपुर ने बताया कि बिजली न आने से मोबाइल डिस्चार्ज है। साक्षी तिवारी ने बताया कि बिजली न आने से पढ़ाई करने में दिक्कत होती है। महादेवा निवासी रतन सिंह यादव ने बताया कि खेत में पाइप पड़ी है। बिजली न आने से गन्ना सूख रहा है।
50 गांवों में फैला अंधेरा
सीतापुर। हरगांव पावर हाउस से जुड़े करीब 50 गांवों में कई दिनों से बिजली गुल चल रही है। खमौना, नरहरपुर, नयागांव, फिरोजपुर, रायपुर आदि गांव प्रभावित हो रहे है। कैमा निवासी मुन्ना सिंह ने बताया कई बार 1912 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। लेकिन बिजली आने से अंधेरा फैला हुआ है। इससे घर के जरूरी काम नहीं हो पा रहे है। अफसरों से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।