महमूदाबाद (सीतापुर)। थाना सदरपुर इलाके में बुधवार को चकमार्ग की पटाई को लेकर मौजूदा व पूर्व प्रधान के समर्थकों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट के दौरान चार लोग घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सदरपुर इलाके के गांव खपूरा में मंगलवार को वर्तमान प्रधान नीतू गौतम के पति उमेश कुमार मनरेगा कार्ययोजना के तहत गांव में ही चकमार्ग पर पटाई का काम करवा रहे थे। जिस पर पूर्व प्रधान श्रवण वर्मा और दिनेश ने आपत्ति जताई। आरोप है कि प्रधान पति ने कहा कि वह अपने हिसाब से काम करवाएंगे। इस बात को लेकर प्रधान समर्थक व पूर्व प्रधान समर्थकों के बीच झड़प भी हुई थी। ग्रामीणों ने समझा बुझाकर मामले को शांत करवा दिया था।
आरोप है कि बुधवार को मौजूदा प्रधान के ससुर गोपाल व देवर अखिलेश गौतम गांव साठेपुरवा और खपुरा के बीच स्थित एक आम की बाग की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान पूर्व प्रधान श्रवण वर्मा समर्थकों के साथ बाग पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट में वर्तमान प्रधान का देवर अखिलेश, गोपाल, राजेश, रमेश घायल हो गए, जिनको बिसवां सीएचसी ले जाया गया। वर्तमान प्रधान ने फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया है।
सीओ महमूदाबाद रविशंकर प्रसाद ने बताया कि प्रधान प्रतिनिधि उमेश कुमार की तहरीर पर श्रवण, दिनेश, रंजीत, अभिषेक कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच जारी है।