सीतापुर। वायरल बुखार का प्रकोप बच्चों में बढ़ता जा रहा है। बुखार की चपेट में आकर आठ बच्चे गंभीर रूप से बीमार हो गए है। इन बच्चों की हालत को देखते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इनका इलाज चल रहा है। चिल्ड्रेन वार्ड में भी तेजी से बेड भर रहे हैं।
जिले में वायरल फीवर धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। इसकी चपेट में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक आ रहे हैं। जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन ओपीडी में मंगलवार को 100 से अधिक बच्चे आए। इसमें आठ की गंभीर हालत को देखते हुए चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती किया गया है।
जिनमें मानपुर इलाके के राघव (3), पिसावां के सनम (2), रेउसा के मन्नालाल (9), शहर कोतवाली इलाके की शुभी (2), नवीन चौक के अदृष्यता (2), शहर कोतवाली इलाके की चांदनी (1), तंबौर की संजना (5) व विकास नगर रामकोट इलाके की सोनवी (2)को भर्ती किया गया है।
इन बच्चों को बुखार आ रहा था। कई बच्चों को सांस लेने में भी तकलीफ हो रही थी। चिल्ड्रेन वार्ड में बच्चों की बढ़ती संख्या के चलते अधिकांश बेड फुल हो गए है।
...कैसे ले जाएं लखनऊ
तंबौर इलाके के मुन्ना (9) को जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कराया गया है। मुन्ना की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने सीएचसी तंबौर से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया है। वहां पर इलाज चल रहा है। मुन्ना के परिजनों का कहना है कि चिकित्सक बराबर लखनऊ ले जाने के लिए दबाव डाल रहे है। लेकिन उनके पास पैसे नहीं है। आखिर में लखनऊ में कैसे इलाज कराएंगे। इससे मुन्ना के परिजन बहुत ही परेशान है।
अस्पताल में आने वाले मरीजों का इलाज चल रहा है। वायरल के चलते भीड़ अधिक है। बच्चे भी बुखार से संक्रमित हो रहे है। मौजूदा संसाधनों से काम चलाया जा रहा है।
- डॉ. अनिल अग्रवाल, सीएमएस, जिला अस्पताल