सीतापुर। युवा शक्ति ही राष्ट्र की तरक्की का मार्ग प्रशस्त करती है। इसी सोच को जिले के कई युवा आत्मसात कर चुके हैं। कुछ ने संघर्षों का सफर तय कर कामयाबी हासिल कर ली है तो कुछ अपनी प्रतिभा को निखारते हुए सफलता की राह पर अग्रसर हैं। यहां की युवा प्रतिभाओं ने शिक्षा व व्यापार से लेकर बॉलीवुड में भी नाम रोशन किया है। इन युवाओं के मजबूत हौसले को राह में आईं रुकावटें भी डिगा नहीं सकी। विपरीत हालात का सामना कर अपनी काबिलियत साबित की है। आज ये प्रतिभाएं किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। इनका संघर्ष आज के युवाओं के लिए प्रेरणा से कम नहीं है...
....तीन हजार की नौकरी से की शुरुआत, आज 48 करोड़ का सालाना टर्नओवर
मछरेहटा ब्लॉक के बीहट बीरम निवासी प्रदीप कुमार दीक्षित आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। इनका जन्म मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ। प्रारंभिक शिक्षा के बाद एमबीए की डिग्री हासिल की। 2000 में खैराबाद के एक दरी एक्सपोर्टर के यहां तीन हजार रुपये प्रतिमाह पर नौकरी की। नौकरी करते हुए दरी कारोबार की बारीकियां समझीं। 2009 में नौकरी छोड़ी और खुद का कारोबार शुरू किया। 2010 में रग्स एनआईसी कंपनी बनाकर एक्सपोर्ट का लाइसेंस लिया। आज प्रदीप की कंपनी का 48 करोड़ का सालाना टर्नओवर है। खैराबाद में एक दरी एक्सपोर्ट की फैक्टरी बनाई और नोएडा में इसका मुख्यालय है। जर्मनी, अमेरिका, इटली, यूरोपीय समेत 18 देशों में इनका कारोबार फैला है। प्रदीप ने जर्मनी की नुमाइश में अपना स्टाॅल लगा रखा है।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई के साथ बॉलीवुड में बनाई पहचान
महोली के मोहल्ला स्वर्ण नगर में सामान्य परिवार में जन्मे अश्विनी निषाद ने पढ़ाई के साथ बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। अश्विनी गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय यूनिवर्सिटी में बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र हैं। पढ़ाई के साथ गीत लिखना, गाय की सेवा करना इनका शौक है। इनका खुद का गीत, वजूद मेरा जीने का सनम... बेहतर सॉन्ग के तौर पर चुना जा चुका है। 25 अगस्त 2024 को एक्टर अमीषा पटेल ने नेशनल एक्सीलेंस अवार्ड से इन्हें लखनऊ में सम्मानित किया था। अश्विनी ने बताया कि बॉलीवुड एक्टर राजेश दुबे, अमित तिवारी के डायरेक्शन में लक्ष्मण कथा त्याग की सीरियल में उनके गीतों को स्थान मिला है। जिनके वह स्वयं ही कास्टिंग डायरेक्टर हैं। उन्होंने बताया कि बॉलीवुड एक्टर ईशा कोप्पिकर ने 23 मार्च को वाराणसी में अवार्ड देने के लिए बुलाया है। इनका खुद का बेवफा एल्बम है। यू ट्यूब एलबम में इनके पांच गाने रिलीज हो चुके हैं। अश्विनी निषाद ने बताया बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह बॉलीवुड में आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे।
....
खोली में शांतनु का स्वागत करते कांग्रेस कार्यकर्ता। -संवाद