सीतापुर। अयोध्या के राममंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ शनिवार को जिले के मंदिरों में धूमधाम से मनाई गई। सीताराम मंदिर, श्यामनाथ मंदिर, महामृत्युंजय मंदिर संग अन्य देवालयों में विभिन्न आयोजन हुए। पंडित आशीष शास्त्री के नेतृत्व में आर्यनगर स्थित सीताराम मंदिर में दिनभर राम रक्षा सूत्र का पाठ हुआ। पिछले वर्ष जयपुर से लाए विग्रहों की इस मंदिर में स्थापना की गई थी।
उन्होंने बताया कि राम दरबार के सामने हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। शाम को कीर्तन-भजन के साथ शृंगार व आरती हुई। धर्मगुरु आशीष शास्त्री ने बताया कि पिछले वर्ष एक ओर अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी।
दूसरी ओर सीतापुर में प्रभु श्रीराम विराजे। पिछले वर्ष भव्य अनुष्ठान के बाद प्रभु राम की मूर्ति का जलाधिवास फलाधिवास व अन्नाधिवास भी किया गया था। उन्होंने बताया कि शनिवार को सीताराम मंदिर के साथ बिजवार स्थित महामृत्युंजय मंदिर में भी महामृत्युंजय मंत्र का जाप हुआ।
यात्रा में गूंजा जयश्री राम का उद्घोष
इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र में राम लाल मंदिर प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ने शौर्य यात्रा का आयोजन किया। यात्रा नौवा अंबरपुर से प्रारंभ होकर इमलिया सुल्तानपुर, काजीकमालपुर, हाजीपुर, पारा, बसेती, शेरपुर, कचनार सहरोइ, रोहिला होते हुए छतौना में गदाई नाथ मंदिर तक पहुंची। धर्म ध्वजा फहराकर खुशी मनाई गई। बाबा गदाई नाथ मंदिर पर भंडारा हुआ। शौर्य यात्रा में विश्व हिंदू परिषद से विपुल सिंह, प्रमोद कुमार, आशुतोष, केशव मिश्रा, शिवम सिंह, ज्ञान, प्रेम नरायन मिश्रा, पंकज सिंह व राहुल संग अन्य भक्त मौजूद रहे।
मछरेहटा में श्रद्धालुओं ने सुबह से मंदिरों में हनुमान चालीसा व सुंदरकांड का पाठ कर आरती की। भंडारा में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान अंजनी शुक्ला, राजू कटियार, मोनू शाह, सूरज पटेल, सुशील राठौर, लोटन, सूरज राठौर, प्रशांत, शिवम गुप्ता छोटू, अमन पटेल, शिवा गुप्ता आदि भक्तों ने भंडारे में विशेष सहयोग दिया।