सीतापुर। मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर शनिवार को बूथों पर विशेष अभियान के तहत बूथ दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को वोटर बनाने के साथ अपात्रों के नाम काटने, डुप्लीकेट वोटरों के नाम हटाने व नाम पते की त्रुटियों के संशोधन के लिए फार्म भरवाए गए। बूथों पर युवाओं में नया मतदाता बनने के लिए खास उत्साह दिखा। जिला प्रशासन के अफसरों ने इस दौरान बूथों का भ्रमण कर संचालित व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
अभियान के दौरान मतदान केंद्रों पर बने बूथों पर मौजूद बीएलओ ने नए मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज कराने के लिए फार्म-6 भरवाया। संबंधित बीएलओ ने बताया कि मन्नी चौराहा स्थित जनता जूनियर हाई स्कूल के चार बूथों पर दोपहर 1.17 बजे तक पहली बार वोटर बनने के लिए 21 फार्म जमा हो चुके थे। इसी तरह प्राइमरी पाठशाला निषाद नगर और उच्च प्राथमिक विद्यालय तरीनपुर के तीन बूथों पर दोपहर 1.30 बजे तक 18 फार्म-6 भरे गए। प्राइमरी पाठशाल हजारा में चार बूथों पर वोटर बनने के लिए 18 फार्म, उजागर लाल इंटर कॉलेज, आरआरडी इंटर कालेज सहित अन्य बूथों पर भी युवाओं ने वोटर बनने के लिए फार्म भरकर जमा कराए। मृतक व डुप्लीकेट नामों को हटाने और मतदाता सूची में त्रुटियों के संशोधन के लिए भी अलग-अलग फार्म भराए गए। नगर मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडेय ने गौरी बाल विद्या मंदिर, कंपोजिट विद्यालय रामकोट, प्राथमिक विद्यालय रायपुर के बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा।
विधान सभा महमूदाबाद क्षेत्र में फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के बूथों पर बेलदारी टोला की खुशी सिंह और साक्षी सिंह, नई बाजार दक्षिणी के पंकज ने पहली मर्तबा वोटर बनने के लिए आवेदन किया। उपजिलाधिकारी व तसीलदार ने बूथों का निरीक्षण किया। लहरपुर के बीडीओ प्रदीप चौधरी ने कंपोजिट विद्यालय तारनपुर, प्राथमिक विद्यालय गनेशपुर स्थित पोलिंग बूथों का निरीक्षण कर सभी पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाने के निर्देश दिए।