ई-डिस्ट्रिक्ट का नेटवर्क शुक्रवार को बाधित रहा। दरअसल, ई-डिस्ट्रिक्ट के जरिए आम-आदमियों को ऑनलाइन आय, जाति व निवास समेत विभिन्न प्रमाण पत्र मुहैया कराए जाते हैं पर पूरे दिन ई-डिस्ट्रिक्ट साइट खुली नहीं।
इससे शहर मुख्यालय समेत छह तहसीलों में जन सुविधा केंद्रों पर न सिर्फ कामकाज ठप रहा, बल्कि वह सन्नाटे में भी दिखे। ऐसे में केंद्रों पर पहुंचे आवेदकों को मायूस होकर बैरंग लौटना पड़ा।
सरकारी कार्यालय हाईटेक बनें, इसके लिए शासन ने ई-डिस्ट्रिक्ट योजना के जरिए प्रदेश, जिला, तहसील समेत ब्लॉक मुख्यालयों पर स्वॉन नेटवर्क स्थापित करने को कहा था। ताकि सरकारी योजनाओं की फीडिंग कर उन्हें ऑनलाइन किया जा सके।
सीतापुर में भी ई-डिस्ट्रिक्ट योजना से पहले जिला, तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों पर स्वॉन का नेटवर्क बिछाया है। ई-डिस्ट्रिक्ट योजना के माध्यम से जनसुविधा केंद्रों से आम आदमियों को ऑनलाइन आय, जाति, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था, विधवा व विकलांग पेंशन एवं राशनकार्ड की सुविधाएं दी जाती है।
शुक्रवार सुबह जन सुविधा केंद्र संचालक केंद्रों पर पहुंचे तो ई-डिस्ट्रिक्ट साइट ने काम नहीं किया। पहले तो संचालकों ने स्थानीय नेटवर्क को खंगाला। इसमें कामयाबी न मिलने पर संचालकों ने मालूमात की, तो पता चला कि एनआईसी लखनऊ से ई-डिस्ट्रिक्ट की साइट बंद है।
वजह, साइट मेंटीनेंस कार्य होना बताया गया है। जिस कारण शहर मुख्यालय समेत तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालयों के जनसुविधा केंद्रों पर कामकाज बाधित रहा। ऐसे में आवेदक जन सुविधा केंद्र पर आवेदन जमा करने तथा प्रमाण पत्र लेने के लिए दिन भर इधर से उधर भटकते रहे।
जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी एपी सिंह ने बताया कि लखनऊ एनआईसी में ई-डिस्ट्रिक्ट साइट मेंटीनेंस की जा रही है। इस वजह से ई-डिस्ट्रिक्ट का नेटवर्क बंद किया गया है। जल्द ही ई-डिस्ट्रिक्ट का बाधित नेटवर्क बहाल हो जाएगा।