डीएम आवास पर खड़ी छात्राओं को समझाते एसडीएम। (संवाद)
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। पर्यावरण विषय की परीक्षा का समय बदलने से स्नातक की छात्राएं एग्जाम नहीं दे सकीं। इससे छात्राएं आक्रोशित होकर भड़क गईं। महाविद्यालय पर सूचना न देने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी आवास पहुंची। वहां पर एसडीएम ने महाविद्यालय की प्राचार्य से बातचीत की। दोबारा प्रश्नपत्र दिलवाने का आश्वासन देकर छात्राओं को शांत कराया।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों में अध्ययनरत बीए, बीएससी व बीकॉम के द्वितीय व तृतीय के छात्र-छात्राओं की रविवार को पर्यावरण विषय की परीक्षा थी। पहले छात्राओं को दो बजे से परीक्षा होना बताया गया था लेकिन दो दिन पहले ही इसका समय परिवर्तन कर दिया गया था।
बीए द्वितीय व तृतीय के परीक्षार्थियों की परीक्षा प्रथम पाली में सुबह आठ बजे से 9:30 बजे कर दी गई थी। जबकि बीकॉम व बीएससी द्वितीय व तृतीय की परीक्षा द्वितीय पाली में 11 से 12:30 बजे का समय निर्धारित कर दिया गया था। सायंकालीन पाली में कोई भी परीक्षा नहीं थी। लेकिन अधिकतर छात्राओं को इस बदले समय की जानकारी नहीं हो सकी। वह पुराने समय के अनुसार हिन्दू कन्या महाविद्यालय पहुंची।
महाविद्यालय पहुंचते ही छात्राओं को परीक्षा होने की जानकारी दी गई। इससे छात्राएं भड़क गईं। छात्राओं ने कहा कि महाविद्यालय के पास हमारे मोबाइल नंबर पहले से ही मौजूद थे। अगर समय बदला था तो इसकी जानकारी मैसेज करनी चाहिए थी। महाविद्यालय की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई। हम लोग महाविद्यालय में जिस गेट से निकलते हैं, वहां पर नोटिस न लगाकर दूसरी तरफ लगवा दी गई है।
प्राचार्या ने जब कोई सही जवाब नहीं दिया तो छात्राएं सीधे जिलाधिकारी आवास पहुंच गईं। वहां पर डीएम नहीं मिले, लेकिन एसडीएम सदर अमित भट्ठ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्राचार्य से फोन पर बातचीत की। छात्राओं को दोबारा प्रश्नपत्र दिलवाए जाने का आश्वासन देकर उनको शांत कराया। इस दौरान 50 से अधिक छात्राएं मौजूद रही।