सीतापुर। हाल ही में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने सीएचसी महमूदाबाद का औचक निरीक्षण किया था। वहां खामियां मिलने पर तीन चिकित्सक सहित सात कर्मचारियों पर गाज गिर गई है। इन सभी का एक माह का वेतन रोक दिया गया है। पहले सीएमओ ने एक दिन का वेतन रोका था पर डीएम ने इसे गंभीर मामला मानते हुए अप्रैल की पूरी तनख्वाह रोकने के निर्देश दिए थे। इस पर सीएमओ ने पूरे माह का वेतन रोक दिया। इस कार्रवाई को डिप्टी सीएम ने अपने ट्विटर पर शेयर किया है।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक 22 अप्रैल को अचानक सीएचसी महमूदाबाद पहुंच गए थे। उन्हें वहां तीन चिकित्सक सहित 11 लोग बिना सूचना के गैरहाजिर मिले थे। डिप्टी सीएम ने सीएचसी से ही फोन करके सीएमओ को फटकार लगाई थी। पानी की समस्या, रोस्टर न होना व कबाड़ में खड़ी एंबुलेंस देखकर नाराजगी जताई थी। सीएमओ को तत्काल निरीक्षण करके पूरी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे।
सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि 11 लोग गैरहाजिर थे। इसमें चार लोगों के मेडिकल मिले थे। अन्य सात के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एक चिकित्सक 14 नवंबर 2021 से जॉइनिंग करने के बाद चले गए थे, उनका पूरा वेतन रोक दिया गया है। दो अन्य चिकित्सकों का वेतन रोका गया है। चार कर्मचारियों का पहले एक दिन का वेतन रोका था। जिलाधिकारी अनुज सिंह से इसे गंभीर मामला मानते हुए अप्रैल की पूरी तनख्वाह रोकने के निर्देश दिए थे।
सीएचसी में नियमित रोस्टर वाइज ड्यूटी लगाकर प्रदर्शित किया जा रहा है। टंकी सही कराकर मरीजों को पानी दिया जा रहा है। खराब एंबुलेंस व एक्स-रे मशीन को हटवा दिया गया है। इनकी जगह पर नई मशीन की कवायद शुरू कर दी गई है।