बैरीकेडिंग गिराकर प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। प्रियंका गांधी और उनके नेेताओं की गिरफ्तारी के बाद से रिहाई को लेकर पीएसी गेट के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेसी दूसरे दिन मंगलवार को भी डटे रहे। दिनभर हंगामा, प्रदर्शन और नारेबाजी होती रही। प्रियंका गांधी से लेकर उनके कार्यकर्ता लखीमपुर जाने की जिद पर अड़े रहे। देर शाम तक स्थिति जस की तस बनी रही। शाम को कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर हादसे में मारे गए किसानों को श्रद्धांजलि दी।
प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को सोमवार सुबह द्वितीय वाहिनी पीएसी में गेस्ट हाउस में रखा गया था। मंगलवार को भी सभी लोग यहीं पर बंद रहे। ऐसे में प्रियंका की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का गुस्सा मंगलवार को भी पूरे दिन बरकरार रहा। कांग्रेसी अपनी नेता को रिहा कराने को लेकर पूरे दिन हंगामा, प्रदर्शन व नारेबाजी करते रहे। रुक-रुक कर उनका जोशीले नारों से माहौल को गरमाने की कोशिश पूरे दिन होती रही।
दिन में कांग्रेस के कई नेताओं ने भाषणों के जरिए घटना की निंदा की। सरकार की नाकामियां गिनाईं। यह सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। शाम को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सोमवार तरह मंगलवार को भी मोमबत्ती जलाकर हादसे में मरने वाले किसानों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दो मिनट का मौन रखा। कार्यकर्ताओं ने पीएसी गेट से रोडवेज चौराहे तक मशाल जुलूस निकालकर सरकार विरोधी नारे लगाए।