सीतापुर। जिला जेल में हत्या के मामले में बंद एक बंदी की गुुरुवार को मौत हो गई। जिला अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। हार्ट अटैक से मौत होना बताया जा रहा है। डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
कोतवाली महमूदाबाद इलाके के शेखपुर ललौनी निवासी सुशील उर्फ विनोद (33) हत्या के मामले में जिला जेल में बंद था। जेलर आरएस यादव ने बताया कि बंदी दिसंबर 2020 से जेल में बंद था। उसकी साली भी जेल में बंद है। साली के प्रेमी की हत्या के मामले में उसे जेल हुई थी। जेलर के मुताबिक, गुरुवार सुबह अचानक बंदी की हालत बिगड़ गई। उसे जेल अस्पताल में दिखाया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर फौरन जिला अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल ले जाते समय उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेलर ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से बंदी की मौत हुई है। डॉक्टरों ने भी इसकी पुष्टि की है। बंदी की बेल हाईकोर्ट से बुधवार को हो चुुकी है, लेकिन रिहाई का आदेश जेल तक नहीं आ सका है। कुछ दिक्कतों की वजह से ऐसा हुआ था, लेकिन उससे पहले बंदी की मौत हो गई।