तंबौर (सीतापुर)। शारदा नदी के किनारे बुधवार को एक किशोर का शव बरामद हुआ है। मामले की सूचना पर पुलिस ने जांच की। शिनाख्त नहीं होने पर कार्रवाई अज्ञात में दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
तंबौर इलाके में म्योढ़ी छोलहा गांव के उत्तर गुजरी शारदा नदी के किनारे बुधवार दोपहर कुछ लोगों ने किशोर का शव उतराता देखा। सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन शिनाख्त न हो पाने की दशा में पुलिस ने कार्रवाई अज्ञात में दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर की उम्र 16 साल के करीब थी।
चश्मदीदों की माने तो किशोर की हत्या की गई है। इसके बाद शव को फेंका गया है। एसओ तंबौर सुरेश पटेल ने बताया कि मृतक ने काली जींस, लाल स्वेटर व काला सफेद मफलर पहन रखा था। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।