मानपुर। मोइजुद्दीनपुर गांव स्थित कब्रिस्तान के एक पेड़ पर फंदे से एक युवक का शव लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की जांच में पता चला कि युवक ने अपनी मौत से पहले एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। साथ ही एक महिला पर कार्रवाई की मांग भी की थी। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है।
लखनऊ कमिश्नरेट के थाना माल के चुकंडिया गांव निवासी सुधीर कुमार गौतम (30) का शव रविवार को मानपुर इलाके के मोइजुद्दीनपुर कैमहरा स्थित कब्रिस्तान में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस की प्राथमिक जांच में एक वीडियो भी सामने आया है।
ऐसा माना जा रहा है कि आत्महत्या से पहले सुधीर ने सोशल मीडिया पर यह वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में वह एक महिला के साथ अपनी फोटो दिखाता नजर आया। उसमें वह कह रहा है कि पिछले चार साल से महिला से निकटता थी। आरोप लगा रहा है कि अब वह महिला धोखा दे रही है। वह उसके बिना नहीं रह सकता और फांसी लगाने जा रहा है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि मोइजुद्दीनपुर की एक महिला से नजदीकी के कारण ही सुधीर ने यह कदम उठाया है। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।