कमलापुर थाना क्षेत्र के उसरी गांव में रविवार सुबह रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक युवक की पिटाई कर दी। बड़ा भाई बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और फिर उसे गोली मार दी। मारपीट में जख्मी दोनों भाइयों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कमलापुर के उसरी गांव निवासी अवधेश ने बताया कि गांव के ही अनिल, छोटू, बबलू व कमलेश से रंजिश चल रही थी। रविवार को उसका बेटा अंबर साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान गांव निवासी अनिल, छोटू, बबलू व कमलेश ने उसकी पिटाई कर दी।
जानकारी होने पर उसका बड़ा पुत्र हेमराज (25) भी पहुंच गया। यहां दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इसके बाद आरोपियों ने हेमराज पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसके गिरते ही आरोपियों ने हेमराज को गोली मार दी।
जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी हेमराज व उसके भाई अंबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। हेेमराज के पिता अवधेश ने बताया कि उसने अनिल, छोटू, बबलू व कमलेश के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।