थाना इलाके में सिधौली-बिसवां मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे सीएचसी सिधौली में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
अटरिया थाना क्षेत्र के उमरा में रहने वाला सुरेंद्र (34) पुत्र ज्ञानेंद्र दत्त शुक्रवार को बाइक से बिसवां की ओर जा रहा था। दोपहर करीब एक बजे वह सिधौली-बिसवां मार्ग के चौड़िया गांव के करीब पहुंचा ही था कि तभी विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में सुरेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार रमपुरवा निवासी जब्बार गंभीर रूप से घायल हो गया। जख्मी हालत में जब्बार को सीएचसी सिधौली ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेज दिया है।