खैराबाद थाना इलाके में मंगलवार सुबह एक मिनी ट्रक ने ड्यूटी पर जा रहे साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके ही मौत हो गई। वह खैराबाद के बरई जलालपुर स्थित टोल प्लाजा पर सिक्योरिटी गार्ड था।
उधर, सिधौली कोतवाली क्षेत्र में ट्रैक्टर की टक्कर से मोटर साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुजावलपुर निवासी मुरारी लाल (40) खैराबाद में टोल प्लाजा पर सिक्योरिटी गार्ड के पद पर तैनात था।
मंगलवार सुबह वह साइकिल से टोल प्लाजा की ओर चल दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम धरैंचा के निकट एक मिनी ट्रक ने साइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुरारी लाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मिनी ट्रक चालक वाहन समेत मौके से भाग गया।
उधर, अटरिया के ग्राम गंगापुर निवासी रवि शंकर (20) मंगलवार को किसी काम से मोटर साइकिल से कस्बा सिधौली आया था। काम निपटाने के बाद वह मोटर साइकिल से घर की तरफ चल दिया।
रास्ते में सिधौली कस्बे में ही मंगलम चौराहे के निकट एक ट्रैक्टर ने मोटर साइकिल में टक्कर मार दी। इससे रवि शंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। नागरिकों ने उसे कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।