आम की बाग की रखवाली कर रहे एक बागवान का शव सोमवार की सुबह संदिग्ध हालात में फांसी पर झूलता मिला। घटना को लेकर हत्या की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि परिवारीजनों ने हत्या की आशंका को लेकर कोई तहरीर नहीं दी है।
कमलापुर इलाके के जसवंतपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार (35) पुत्र रामस्वरुप ने थाना क्षेत्र के सुजौलिया गांव निवासी जगत नरायन की बाग को किराए पर लिया था।
बताते हैं कि रविवार की रात प्रमोद कुमार बाग की रखवाली करने गया था। सुबह जब प्रमोद का भाई श्रवण बाग में पहुंचा तो वहां का दृष्य देखकर दंग रह गया। उसने प्रमोद की लाश फांसी पर झूलती देखी। उसका कहना है कि प्रमोद जब घर से गया था तो वह ठीक तरह से गया था।
परिवार में किसी से किसी प्रकार का विवाद भी नहीं हुआ था। लेकिन सुबह उसकी लाश फांसी के फंदे पर झूलती मिली। गांव चर्चा है कि प्रमोद का कुछ दिन पूर्व झगड़ा हुआ था। जिससे लोग उसकी हत्या किए जाने की भी आशंका जता रहे हैं। हालांकि इस बाबत परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।