गांगूपुर गांव के पास एक युवक का शव संदिग्ध हालात में जंगल में मिला। वह बीते सोमवार से लापता था। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। परिवारीजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मृतक शराब का आदी था, जिसके कारण उसकी मौत हुई है।
शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संदना इलाके के पलैहार मजरा महेशपुर गांव निवासी जयपाल (40) पुत्र रामसेवक लखनऊ में मजदूरी करता था। 11 जुलाई को उसकी भतीजी की विदाई होनी थी। इस कारण वह दस जुलाई को गांव आया था।
11 जुलाई की सुबह वह घर से कुछ सामान लेने के लिए निकला था। उसके बाद शाम होने तक वह वापस नहीं पहुंचा। उसकी भतीजी की विदाई होने के बाद परिवारीजन को शंका हुई, जिसके बाद उसकी तलाश की जाने लगी, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चला।
12 जुलाई की सुबह से ही परिवारीजन उसकी तलाश करने लगे। मंगलवार शाम जयपाल का शव गांगूपुर व महेशपुर गांव के बीच जंगल के करीब संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान देखे गए। घटना के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
खबर पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। घटना को लेकर मृतक के पिता व भाई का कहना है कि जयपाल महेशपुर गांव स्थित प्रधान के घर गया था। इसके बाद उसके साथ हुई घटना के बारे में कुछ पता नहीं चल पा रहा है।
इन दोनों ने जयपाल की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि हत्या से संबंधित न ही किसी पर आरोप लगाया है और न ही कोई तहरीर दी है। पुलिस घटना का कारण शराब बता रही है। एसओ संदीप का कहना है कि मृतक शराब का आदी था। इसी वजह से उसकी मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।