शहर के एनसीसी कार्यालय के पास रविवार दोपहर कार सवारों ने अचानक गोली चला दी, जो एक युवक के पैर में जाकर लगी। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
आशंका जताई जा रही है कि गोली किसी और को निशान बनाकर चलाई गई है। पर इसकी चपेट में युवक आ गया। जख्मी युवक का एक प्राइवेट चिकित्सक से इलाज कराया गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर के एनसीसी कार्यालय के निकट रविवार दोपहर करीब 11 बजे अचानक एक फायर हुआ। फायर होते ही एक सफेद रंग की कार तेज रफ्तार से भाग निकली। इस बीच वहां एक युवक गोली मार दी, गोली मार दी... चिल्लाने लगा।
इतने में मोहल्ले वाले व राहगीर एकत्र हो गए। जख्मी युवक का प्रेम नगर के एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया। घटना की खबर पाते ही कोतवाली पुलिस पहुंच गई।पुलिस को गोली लगने से जख्मी युवक एसपी कार्यालय के पास साथी की बाइक पर मिला।
उसने अपना नाम शहर के ग्वालमंडी निवासी धर्मेद्र (25) पुत्र जगदीश बताया। युवक ने बताया कि वह खाना बनाने का काम करता है। वह पैदल जा रहा था, तभी उसके दाहिने पैर के पंजे में गोली लग गई।
उसको किसने और क्यों गोली मारी, इस बारे में कोई वजह नहीं बता रहा। लोगों का कहना है कि कार सवार लोगों ने किसी और को निशाना बना कर गोली चलाई थी, लेकिन यह गोली राहगीर को लग गई। पुलिस का कहना है कि युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया है। मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।