थानगांव थाना क्षेत्र में घाघरा नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। वह नदी में नहाने के लिए गया था। दो घंटे के बाद उसका शव नदी से निकाला जा सका। संदेह जताया जा रहा है कि युवक शायद पुल निर्माण में प्रयोग की जा रही निर्माण सामग्री में उलझ गया होगा।
रेउसा के पुरानी बस्ती निवासी सुरेंद्र कुमार (20) मोहल्ले के ही राकेश, अजय, मोनू व पंकज के साथ बाइक से चहलारी घाट पुल पर गया था। यहां पर कुछ देर टहलने के बाद वह घाघरा नदी में नहाने उतर गया। वह तैरता हुआ गहरे पानी में पहुंच गया। कुशल तैराक न होने की वजह से सुरेंद्र धार में उलझकर रह गया और डूब गया।
उसके डूबते ही साथी दोस्तों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को एकत्र किया। जिसके बाद उसे तलाशा जाने लगा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव निकाला जा सका। ग्रामीणों का कहना है कि जहां पर सुरेंद्र नहाने के लिए घाघरा में उतरा था, वहां पुल का निर्माण कार्य चल रहा है।
आशंका जताई जा रही है कि सुरेंद्र डूबने के बाद नदी के अंदर मौजूद निर्माण सामग्री या फिर लोहे के जाल में उलझ गया होगा, जिसकी वजह से वह पानी के ऊपर न आ सका और डूबकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई।