लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को सूर्यकुंड तीर्थ में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। युवक कांवरियों के साथ जल लेने तीर्थ पर आया था। उसका शव एक घंटे के बाद तीर्थ से निकाला जा सका। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर के श्रद्धालु बुधवार को कांवर में जल भरने के लिए लहरपुर कस्बे के सूर्यकुंड आए थे।
इन्हीं के साथ गांव का निवासी राज किशोर (18) भी आया था। कांवरिये जल भर रहे थे, इसी बीच राज किशोर का पांव फिसल गया और वह तीर्थ के गहरे जल में गिर गया। तैरना न आने की वजह से वह तीर्थ में डूब गया। यह देखते ही वहां मौजूद अन्य कांवरियों ने छलांग लगाई और राज किशोर को तलाशने लगे।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका लेकिन तब तक डूबने की वजह से उसकी मौत हो चुकी थी। लोगों का कहना है कि तीर्थ की सीढ़ियों पर काई जमा होने से उसका पैर फिसल गया।