हरगांव थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में बुधवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में झुलसने से मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि महिला ने खुद आग लगाकर खुदकुशी कर ली। मायके वालों का आरोप है कि प्रताड़ना के चलते महिला ने खुदकुशी की है। मामले में पति समेत दो लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
हरगांव के फिरोजपुर गांव निवासी भर्रा उर्फ पूनम (36) पत्नी पुन्ने सिंह की बुधवार सुबह घर के कमरे में संदिग्ध हालत में झुलसने से मौत हो गई। बताते हैं कि सुबह पूनम के बच्चे स्कूल गए थे। परिवार के अन्य लोग खेत गए थे। इसी बीच उसने घर के कमरे में केरोसिन डालकर आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
लहरपुर निवासी पूनम की भाभी गायत्री देवी पत्नी बसंत नेे आरोप लगाया कि पूनम को उसकी ससुराल वाले काफी समय से प्रताड़ित करते थे। प्रताड़ना के चलते उसने आग लगाकर खुदकुशी कर ली।
भाभी ने पूनम के पति पुन्ने सिंह व देवर अजय के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ योगेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।