संदना के नैतनवा मजरा देउरी कैल गांव में एक गर्भवती को परिवार में हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने पीट दिया। जिससे महिला और गर्भ में पल रहा बच्चा जख्मी हो गया। घायल महिला ने बुधवार शाम दम तोड़ दिया।
मृतका के पति व मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गांव निवासी किरन देवी (25) पत्नी रामलखन का परिवार की ही कुछ महिलाओं से विवाद हो गया था। बात बढ़ने पर महिलाओं व उनके घर के पुरुषों ने मिलकर मंगलवार को किरन पर हमला कर दिया। पिटाई के बाद उसे रास्ते पर लाकर फेंक दिया गया।
महिला करीब तीन माह की गर्भवती थी। पिटाई से जख्मी किरन की बुधवार शाम घर में ही मौत हो गई। परिवार वालों का आरोप है कि मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उसकी मौत होने के बाद फिर से मृतका के पिता किशन ने थाने में तहरीर दी है।
जिसके आधार पर पुलिस ने परिवार के ही छोटा, टिक्कन, मुनेंद्र, नरेंद्र, मजनू व रमाकांत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसओ संदीप सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।