महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ख्वाभीपुर गांव के पास शुक्रवार शाम शारदा सहायक नहर में उतरे दो छात्र तेज बहाव में बह गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद उनके तीन अन्य साथी भाग निकले। खबर पाकर दोनों के परिवारीजन समेत सैकड़ों लोग जमा हो गए। गोताखोरों की मदद से छात्रों का पता लगाया जा रहा है लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पता नहीं चल सका था। इंस्पेक्टर का कहना है कि दोनों छात्रों का पता लगाया जा रहा है।
महमूदाबाद के रमुवापुर निवासी अनुभव (14) पुत्र हेमंत वर्मा, नईबाजार निवासी सार्थक (15) पुत्र मुकेश यज्ञसैनी अपने साथी छात्र कटरा निवासी मो. कैफ, पीयूष राठौर, किरणेश्वर भारती के साथ स्कूटी पर सवार होकर महमूदाबाद स्टेडियम खेलने गए थे। बताते हैं कि रास्ते में ये छात्र ख्वाभीपुर गांव के निकट शारदा सहायक नहर किनारे रुक गए।
यहां अनुभव व सार्थक नहर में उतर गए। इसी बीच दोनों नहर में तेज बहाव के कारण बह गए। साथियों को बहता देख तीन अन्य छात्र सहम गए और वहां से भाग निकले। इस बीच जानकारी मिलने पर अनुभव के एक अन्य साथी भव्य यादव ने उसके पिता को फोन कर पूरी बात बता दी। बेटे के नहर में बहने की सूचना पर परिवार मौके पर दौड़ पड़ा।
खबर फैलते ही सैकड़ों लोग जुट गए। एसडीएम महमूदाबाद, कोतवाल रमेश चंद्र के साथ राज्यमंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा भी आ गए। पुलिस टीम ने गोताखोरों की मदद से नहर को खंगाला लेकिन उनका पता नहीं चल सका। छात्र महमूदाबाद कस्बे के डॉन बास्को स्कूल में कक्षा सात के छात्र थे।