पूर्व राज्यमंत्री रामपाल राजवंशी के बेटे व हरगांव से सपा प्रत्याशी रहे मनोज राजवंशी सहित चार लोगों पर मछरेहटा इलाके की एक महिला ने घर में घुस कर छेड़छाड़, मारपीट व धमकाने के आरोप में केस दर्ज कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। मछरेहटा इलाके के एक गांव की महिला का कहना है कि पूर्व राज्यमंत्री रामपाल राजवंशी के बेटे व हरगांव से सपा के टिकट पर चुनाव लड़े मनोज राजवंशी, गांव के ही दिनेश, जयकरन व रामचंद्र आदि उसकी जमीन पर जबरन नींव खोदवाने लगे। शुक्रवार की शाम जब उसने इस बात का विरोध किया तो अपने हाथ में रायफल लिए पूर्वमंत्री के बेटे मनोज राजवंशी व उनके साथी उसको पकड़ कर खींचने लगे।
इस पर वह अपनी लाज बचाने के लिए घर के अंदर भागी। आरोप है कि यह लोग घर के अंदर घुस गए। जिसके बाद उसके कपड़े फाड़ किए और छेड़खानी करने लगे। साथ ही उसके साथ मारपीट, गाली गलौज की गई व धमकी भी दी गई। जिसके बाद उसने थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एएसपी सुभाष चंद गंगवार का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।