इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में नशे के आदी एक युवक ने आर्थिक तंगी के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों का कहना है कि उसने अपनी खेती व अन्य संपत्ति को बेचकर शराब पी डाली। जब पैसा नहीं बचा, तब फांसी लगाकर जान दे दी।
रन्नूपुर निवासी इतिवारी (35) गांव के बाहर छप्पर डालकर रहता था। सोमवार रात उसने छप्पर में रस्सी का फंदे से फांसी लगा ली। सुबह जब ग्रामीण उठे तो उसका शव फंदे पर लटके देख हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि इतिवारी नशे का आदी था। उसने अपनी 4 बीघा जमीन बेच डाली थी और जब तक रुपये रहे, जमकर शराब पी।
इधर दो माह से उसकेे पास एक भी रुपये नहीं बचे थे। आर्थिक तंगी की वजह से वह रोटी का इंतजाम भी नहीं कर पाता था। ग्रामीणों का कहना है कि शायद इसी वजह से इतिवारी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस भी घटना को आत्महत्या बता रही है।
बड़े भाई ने भी की थी आत्महत्या
गांव के लोगों का कहना है कि करीब 3 वर्ष पूर्व इतिवारी के बड़े भाई मनोहर लाल ने भी इसी तरह से आत्महत्या की थी। मनोहर लाल भी नशे का आदी था। शराब पीने के लिए उसने अपने हिस्से की सारी जमीन व अन्य संपत्ति बेच दी। जब आर्थिक तंगी सिर पर आई, तब मनोहर लाल ने फांसी लगाकर जान दे दी थी।