संदना थाना क्षेत्र में रामगढ़ मोड़ के निकट शुक्रवार दोपहर दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने असलहे के बल पर पेट्रोल पंप के मुनीम व सेल्समैन से सवा तीन लाख रुपये लूट लिए।
दोनों लोग संदना स्थित इलाहाबाद बैंक में कैश जमा करने जा रहे थे। सूचना मिलते ही एसपी व एएसपी ने मौके पर पहुंचकर जांच की और घटना के राजफाश के निर्देश दिए। सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर सरेराह हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मिश्रिख के ग्राम जरिगवां निवासी जेपी सिंह का बरगदिया के निकट पेट्रोल पंप है। कोरौना निवासी सर्वेश अवस्थी यहां मुनीम हैं और जरिगवां निवासी दीपक सेल्समैन हैं। शुक्रवार सुबह मुनीम व सेल्समैन बिक्री के तीन लाख 20 हजार रुपये जमा करने बाइक से संदना स्थित इलाहाबाद बैंक जा रहे थे।
तभी सीतापुर-मिश्रिख मार्ग पर रामगढ़ मोड़ के निकट दो मोटर साइकिलों पर सवार चार सशस्त्र बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक ली। बदमाशों ने असलहे से धमकाते हुए मुनीम व सेल्समैन को काबू में किया और बाइक की डिग्गी को तोड़कर उसमें रखा कैश लेकर भाग निकले। उधर, बदमाशों के जाने के बाद दोनों पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी।
मुनीम व सेल्समैन के मुताबिक बदमाशों ने कपड़े से चेहरा ढक रखा था, जिसकी वजह से उनकी पहचान नहीं हो सकी। वहीं लूट की खबर मिलते ही एसपी सौमित्र यादव व एएसपी सुभाषचंद्र गंगवार मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली।
पीड़ितों से भी पूछताछ की और पुलिस टीम को घटना के राजफाश के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। सीओ कपिलदेव सिंह ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
जगह-जगह हुई चेकिंग, हाथ नहीं लगे बदमाश
वारदात के बाद एसपी ने पूरे जिले में चेकिंग के निर्देश दिए। एसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने पूरे जिले में वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। खासकर दोपहिया वाहनों को रोककर जांच की गई। करीब दो घंटे तक सघन तलाशी के बावजूद लुटेरों का कोई सुराग हाथ नहीं लग सका।
दो दिन की बिक्री की थी रकम
मुनीम सर्वेश ने बताया कि जन्माष्टमी को बैंक बंद था। जिसकी वजह से दो दिनों के पेट्रोल व डीजल बिक्री का कैश रखा हुआ था। शुक्रवार सुबह ही उन रुपयों को बैंक में जमा करने निकले थे, लेकिन रास्ते में लूट का शिकार हो गए।