लखनऊ-गोरखपुर हाइवे पर कुर्थिया चौराहे के पास शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे स्कूटी लदे कंटेनर में आग लग गई। आग लगने की जानकारी के बाद चालक वाहन से कूद गया और कंटेनर हाइवे के किनारे गड्ढे में चला गया। वहीं जानकारी पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया तब तक 20 स्कूटी जल चुकी थीं।
कानपुर देहात निवासी कंटेनर चालक सोनू पुत्र जसकरन ने बताया कि वह होंडा कंपनी की 40 स्कूटी दिल्ली से गुवाहाटी जा रहा था। करीब साढ़े दस बजे जैसे ही वह कुर्थिया चौराहे के पास पहुंचा तो उसे विस्फोट की आवाज सुनाई दी। ब्रेक लेने की कोशिश करने पर बैटरी में विस्फोट हो गया ओर केबिन में तेजी से धुआं भरने लगा। कोई उपाय न सूझने पर वह जान बचाने के लिए चलती गाड़ी से डिवाडर के किनारे कूद गया। इसके बाद कंटेनर कुछ दूर जाकर गड्ढे में घुस गया।
हादसे की जानकारी पर कांटे चौकी के दो पुलिस कर्मी पहुंचे और घायल को एनएचआई की गाड़ी से बस्ती जिला अस्पताल भेजवाया। वहीं आसपास के गांवों के लोगों के अलावा राहगीर जुट गए। लोगों ने बाल्टी से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंच गई। इससे नाराज लोगों की दमकल कर्मियों नोकझोंक भी हुई।
पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया और आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू हुई। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक 20 स्कूटी जल चुकी थीं।
वहीं घटना की वजह से हाइवे की एक साइड पर करीब 20 मिनट तक आवागमन रुका रहा। सूचना पर सीओ आर के सिंह ,कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंच गए थे।