हादसे की सूचना पर अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
सीतापुर शहर कोतवाली क्षेत्र के पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) में शुक्रवार दोपहर चार मजदूर वाटर सप्लाई के मोटर में करंट उतरने से गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक मजदूर की मौत हो गई।
तीन अन्य मजदूरों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। उधर, सूचना पाकर मजदूरों के परिवारीजन व पुलिस भी पहुंच गई थी।
खैराबाद के अकबरगंज निवासी सनोज ने पीटीसी में वाटर सप्लाई दुरुस्त करने का ठेका लिया था। गांव के ही राजेंद्र (40) पुत्र कस्तूरी, दिनेश (30) पुत्र तौलेराम, सुनील (35) पुत्र रामधार व संतराम वाटर सप्लाई लाइन ठीक कर रहे थे।
जब ये लोग पीटीसी में वाटर सप्लाई देने वाला मोटर ठीक कर रहे थे, तभी चालू करते समय उसमें अचानक करंट उतर आया, जिससे चारों को जबरदस्त करंट लग गया। आननफानन सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
वहीं अन्य तीनों मजदूरों को भर्ती कर लिया गया है। जिसमें से सुनील की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना पाकर इनके परिवारीजन भी पहुंच गए थे। पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। इंस्पेक्टर दीपक शुक्ला का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।