थाना इलाके में शुक्रवार दोपहर को एक घर में संदिग्ध हालातों में आग लग गई। लपेटों में मां-बेटे झुलस गए। आननफानन परिवारीजन दोनों को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि इसी दौरान महिला की मौत हो गई।
जबकि बेटे ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गवहिया निवासी लालता प्रसाद की पत्नी राजकुमारी (35) शुक्रवार दोपहर को अपने पुत्र शोभित (3) के साथ आंगन में बैठी थी।
इसी बीच वह संदिग्ध हालत में आग की चपेट में आ गई। आंगन से धुआं उठता देख लालता प्रसाद ने शोर मचाया। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर दौड़े लेकिन तब तक मां-बेटे झुलस गए थे।
इस पर ग्रामीणों व परिवार के सदस्यों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आननफानन दोनों को अस्पताल ले जाने लगे लेकिन इसी बीच राजकुमारी ने दम तोड़ दिया। परिवार के सदस्यों ने मासूम को नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां पर शोभित ने भी दम तोड़ दिया। घटना के संबंध में राजकुमारी के पिता सिधौली कोतवाली क्षेत्र के चौड़िया निवासी कालीचरन ने कमलापुर थाने में सूचना दी है। पिता ने घटना को इत्तेफाकिया बताया है। आग किन कारणों से लगी है, इस बात का पता नहीं चल सका है।