थानगांव थाना क्षेत्र में शनिवार रात दो घरों से चोर दो लाख रुपये कीमत का माल समेट ले गए। उधर, लहरपुर कस्बे में चोर दो घरों से डेढ़ लाख रुपये कीमत का माल उठा ले गए। पीड़ितों ने संबंधित कोतवाली व में तहरीर दी है।
ग्राम मन्नी पुरवा निवासी नईम ने अपने परिवार की महिलाओं के जेवर घर की डेहरी में छिपा रखे थे। शनिवार रात पूरा परिवार छप्पर के नीचे सो रहा था। इसी दौरान रात में चोर छप्पर उठाकर घर में घुस गए। अंदर पहुंचते ही चोरों ने डेहरी फोड़ दी और उसमें रखे सोने व चांदी के जेवर, बर्तन आदि उठाकर भाग गए।
सुबह जब परिवार की नींद खुली, तब उन्हें डेहरी फूटी मिली। उसके अंदर रखा सामान गायब था। गृहस्वामी ने पुलिस को बताया कि चोर करीब सवा लाख रुपये कीमत का माल समेट ले गए हैं। दूसरी तरफ क्षेत्र के ग्राम इसरौला निवासी राम नरेश का परिवार घर के बाहर चारपाई डालकर सो रहा था।
रात्रि के किसी पहर में चोरों ने कमरे की दीवार में सेंध लगा दी और करीब पांच हजार की नगदी, सोने व चांदी के जेवर, कपड़े, बर्तन आदि सामान समेटकर फरार हो गए। गृहस्वामी ने पुलिस को बताया कि चोर करीब अस्सी हजार रुपये कीमत का माल समेट ले गए हैं।
थानाध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के मुसियाना निवासी अशरफ परिवार के साथ घर में सो रहा था। रात्रि के किसी पहर में चारों ने घर में सेंध लगा दी। यहां पर चोरों ने घर में रखी तीस हजार की नगदी व सोने चांदी के जेवर पार कर दिए।
वहीं गांव के मैकू के घर से चोरों ने सोने व चांदी के जेवर पार कर दिए। अशरफ ने पुलिस को बताया कि चोर करीब एक लाख दस हजार रुपये का माल ले गए हैं। जबकि मैकू का कहना था कि उसके घर से चोर करीब चालीस हजार रुपये कीमत का माल पार किया है।