अटरिया थाना क्षेत्र में रविवार भोर खेत में भूसा उठाने गए एक ग्रामीण की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। मामले में पड़ोसी गांव के दो सगे भाइयों को नामजद किया गया है। बताते हैं कि मृतक व आरोपियों के बीच काफी समय से भूमि विवाद चल रहा था।
खबर पाकर एएसपी व सीओ ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल बरामद किया है। पुलिस मोबाइल के बारे में जांच कर रही है। अटरिया के दखिनवा निवासी बनवारी लाल (50) पुत्र छोटेलाल रविवार भोर गांव के बाहर खेत में भूसा उठाने गया था।
तभी पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। मृतक के भाई कन्हैयालाल ने बताया कि वारदात के समय वह भी खेत में मौजूद था।
जैसे ही वह लोग खेत पहुंचे, पहले से घात लगाकर बैठे दो लोगों ने धारदार हथियार से बनवारीलाल पर हमला कर दिया। वह मदद के लिए चिल्लाता हुआ गांव की ओर भागा। शोर सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हमलावर बनवारी का कत्ल कर भाग चुके थे।
कन्हैयालाल ने मामले में पड़ोस के गांव युगराजपुर निवासी रामेंद्र तिवारी व सुरेंद्र तिवारी पुत्रगण हरिशंकर को नामजद किया है। उसका कहना है कि बनवारीलाल की 20 बीघा जमीन को लेकर इन लोगों से रंजिश चल रही थी।
बनवारी की जमीन पर ये लोग कब्जा करना चाहते थे। कई बार ये लोग जमीन पर कब्जे का प्रयास कर चुके थे। सफल न होने पर ये लोग बनवारी को जान से मारने की धमकी देते थे। उधर, खबर पाकर एएसपी सुभाष चंद्र गंगवार, सीओ अजीत कुमार रजक ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
घटनास्थल से एक मोबाइल बरामद हुआ है। माना जा रहा है कि यह मोबाइल हत्या आरोपियों का है। एसओ एके सिंह का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। बरामद मोबाइल के बारे में भी जांच चल रही है।