कॉलेज जा रही तीन छात्राओं के साथ मंगलवार को मनचलों ने सरेराह छेड़छाड़ की। विरोध करने पर तेजाब से जलाने की धमकी दी।
इस पर बदमाशों का मंसूबा भांप छात्राओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया तो मोहल्ले के लोग एकजुट हो गए। विरोध होते देख आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़ित छात्राओं के परिवारीजनों ने कस्बे के ही तीन युवकों के खिलाफ तहरीर दी है।
खैराबाद कस्बे की तीन छात्राएं छठ पर्व की छुट्टी की जानकारी न होने पर मंगलवार सुबह स्कूल जा रही थीं। जब ये तीनों छात्राएं कस्बे के ही चिरीमारन टोला चौराहे पर पहुंची तो अक्सर पीछा करने वाले तीन युवक भी वहां आ ध्ामके।
आरोप है कि युवकों ने तीनों छात्राओं को घेर लिया और उनसे अश्लील हरकतें करने लगे। छात्राओं ने मनचलों का विरोध किया लेकिन बदमाश परेशान करते रहे।
छात्राओं ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो युवकों ने उन पर तेजाब फेंककर जला देने की धमकी दी। इससे तीनों छात्राएं दहशत में आ गई और रोने-चिल्लाने लगीं। उनका शोर सुनकर मोहल्ले के लोग भी एकजुट हो गए।
इस पर हंगामा होते देख्ा आरोपी वहां से भाग निकले। किसी तरह डरी-सहमी छात्राएं घर पहुंचीं और आपबीती सुनाई। इस मामले में छात्राओं के परिवारीजन ने कस्बे के महेंद्री टोला निवासी तीन युवकों के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि तहरीर मिली है। वह चुनावी ड्यूटी पर थे। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।