दिल्ली से कमाकर घर लौट रहा युवक जहरखुरानी का शिकार हो गया। युवक को बेहोश कर लुटेरे उसके पास से 50 हजार रुपये व मोबाइल लेकर भाग गए। इसके बाद भी बस परिचालक युवक को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे छोड़कर चला गया।
पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। युवक की हालत अब खतरे से बाहर है। मंगलवार को युवक का तिलक उत्सव है। सदरपुर थानाक्षेत्र के त्रिलोकपुर का रहने वाला उमेश (25) पुत्र गोकुल दिल्ली में एक प्राइवेट नौकरी करता है। यहां परिवारीजनों ने उमेश की शादी तय कर दी गई। मंगलवार को उमेश का तिलक समारोह है।
जिसके चलते सात महीने बाद उमेश रविवार को दिल्ली से रोडवेज बस द्वारा घर के लिए रवाना हुआ। रास्ते में उमेश जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया। जहरखुरानों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और नकदी व अन्य सामान लूट लिया।
बस में बेहोशी की हालत में पड़ा देख परिचालक उसे कमलापुर के जलालपुर के पास हाईवे के किनारे छोड़ कर चलता बना। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में भर्ती उमेश ने बताया उसके पास से 50 हजार की नगदी व मोबाइल गायब है। युवक के परिवारजनों को सूचना दे दी गई है।