शाहजहांपुर से माल उतारकर शहर के एक होटल के पास खड़े ट्रक के चालक व खलासी को बंधक बनाकर पांच बदमाशों ने ट्रक लूट लिया। इसके बाद महोली में चालक व खलासी को उतारकर बदमाश ट्रक व 23 हजार की नकदी लेकर भाग निकले।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो लूटा गया ट्रक महोली के पास लावारिस हालत में खड़ा मिला। मामले में चालक व खलासी ने कोई तहरीर नहीं दी है। कोतवाल का कहना है कि मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। ट्रक मिल गया है, मालिक ने भी कोई कार्रवाई नहीं की है।
उन्नाव के पुरवा थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर निवासी रवींद्र कुमार ट्रक (यूपी 32 एफएन 2447) का चालक है। इसी गांव का अमित खलासी है। ट्रक चालक व खलासी ने बताया कि कई दिन पूर्व वह बिहार के पुरनिया से माल लोड कर शाहजहांपुर गए थे। वहां से माल उतारकर मंगलवार शाम सीतापुर पहुंचे।
यहां शहर में एक होटल के करीब ट्रक रोक दिया और खाना बनाने लगे। इनकी मानें तो इसी बीच रात को बदमाशों ने धावा बोल बंधक बना लिया और ट्रक में बैठा लिया। इसके बाद बदमाश ट्रक लेकर महोली की ओर चल दिए। चालक रवींद्र ने बताया कि बदमाशों ने महोली में कारीपाकर गांव के पास दोनों को उतार दिया और भाग गए।
डायल-100 पर सूचना देने के बाद पुलिस पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू की तो लूटा गया ट्रक महोली में लावारिस हालत में खड़ा मिला। खबर पाकर कोतवाली पुलिस ने भी छानबीन शुरू कर दी। लेकिन मामले में कोई केस दर्ज नहीं हुआ। कोतवाल परशुराम सिंह का कहना है कि ट्रक को उसका मालिक लेकर चला गया। उसने कोई तहरीर नहीं दी और न ही चालक व खलासी ने केस दर्ज कराने के लिए कोई तहरीर दी है।